रिपोर्ट मुजम्मिल खान
हरिद्वार। भगवानपुर क्षेत्र में हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात का हरिद्वार पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और रक्तरंजित कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 को हल्लूमाजरा चौक स्थित गुफरान चिकन सेंटर के पास एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मुफीद पुत्र मतलूब निवासी रोलाहेड़ी, थाना पिरान कलियर के रूप में हुई।
घटना के बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम की सहायता से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस तथा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने 48 घंटे के भीतर आरोपी शहनवाज पुत्र मीरू निवासी बड़ीवाला, थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बेटी का प्रेम विवाह उसके सगे भांजे मुफीद से हुआ था। बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और तलाक की नौबत आ गई। आरोपी अपनी बेटी का वैवाहिक जीवन टूटने के लिए मुफीद को जिम्मेदार मानता था। इसी रंजिश में उसने भगवानपुर आकर चाकू खरीदा और मौका मिलते ही मुफीद पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराएं बढ़ाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




