अशरफ खान
हरिद्वार, 11 जून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा 14 जून को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय लिखित प्रतियोगी परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद हरिद्वार के 53 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नोडल अधिकारी, जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, बैठने की सुविधा तथा अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा से पूर्व सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही होटल, लॉज, गेस्ट हाउस और कोचिंग संस्थानों की सघन जांच भी की जाएगी ताकि नकल अथवा अन्य अनुचित गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा से एक दिन पूर्व पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया जाए। सीसीटीवी कैमरों, जैमर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता की जांच भी सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा दिवस पर सुबह 8 बजे से केंद्र परिसरों की सघन चेकिंग एवं सैनिटाइजेशन किया जाएगा।
अभ्यर्थियों की प्रवेश के समय फ्रिस्किंग की जाएगी, जिसके लिए महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी। केवल मुख्य द्वार से ही प्रवेश की अनुमति होगी तथा अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा और अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी।
बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपम रामचंद्र सेठ, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर के सिंह, एसपी ट्रैफिक निशा यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं परीक्षा केंद्रों के लिए नियुक्त ऑब्जर्वर उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।




