रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों, नशा तस्करों और गौकशी करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौकशी के एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 200 किलोग्राम संदिग्ध गोमांस, चार गोवंशीय खुर तथा गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि ग्राम सिकंदरपुर से चांचक जाने वाले टावर मार्ग के पास स्थित एक पॉपलर के खेत में कुछ लोग गौकशी कर रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन बिलाल पुत्र खलील निवासी सिकंदरपुर भैंसवाल, भगवानपुर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
मौके से पुलिस ने 200 किलो संदिग्ध गोमांस, चार गोवंशीय खुर, तीन कुल्हाड़ियां, दो छुरियां, एक प्लास्टिक टब, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, रस्सी, पॉलीथिन तथा अन्य गौकशी में प्रयुक्त सामान बरामद किया। बरामद गोमांस को नियमानुसार गड्ढा खुदवाकर अम्लीय छिड़काव के बाद नष्ट कराया गया।
इस संबंध में गिरफ्तार आरोपी एवं फरार साथियों के विरुद्ध उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नीरज रावत, कांस्टेबल रमेश चौहान, कांस्टेबल गोविंद कुमार तथा कांस्टेबल प्यारेलाल जोशी शामिल रहे।




