रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र में महिला के साथ तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म और लूट की सनसनीखेज वारदात का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा, चाकू, मोटरसाइकिल, महिला से लूटे गए झुमके तथा मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से और बैटरी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 की रात महिला अपने बच्चे के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान चार आरोपी तमंचे के बल पर घर में घुस गए और महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उसके कानों के झुमके लूटकर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर 8 जुलाई को थाना पथरी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास साक्ष्य जुटाए, लोगों से पूछताछ की और लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी। 14 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पथरी जंगल के पास से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात स्वीकार कर ली, जिसके आधार पर दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम (24 वर्ष), शेखर (22 वर्ष), अरुण (23 वर्ष) निवासी ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी तथा विकास (25 वर्ष) निवासी ग्राम महाखड़ी, थाना स्याना, जनपद बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।
बरामदगी:
01 अवैध तमंचा
01 अवैध चाकू
वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
लूटे गए झुमकों की एक जोड़ी
मोबाइल फोन के टूटे हुए पार्ट्स एवं बैटरी




