Home » लेटेस्ट न्यूज़ » थाना पथरी: फुलगढ़ जंगल गैंगरेप कांड का पर्दाफाश, SSP नवनीत सिंह के निर्देश पर 6 आरोपी गिरफ्तार

थाना पथरी: फुलगढ़ जंगल गैंगरेप कांड का पर्दाफाश, SSP नवनीत सिंह के निर्देश पर 6 आरोपी गिरफ्तार

Picture of Develop India News

Develop India News

DevelopIndiaNews.com एक स्वतंत्र और विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक सबसे तेज़ पहुँचाना है।

Report – Muzammil khan

हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र के फुलगढ़ जंगल में नाबालिग युवती से गैंगरेप और उसके साथी युवक के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने के सनसनीखेज मामले का हरिद्वार पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के सख्त निर्देशों के बाद थाना पथरी पुलिस, सीआईयू रुड़की और अन्य टीमों ने लगातार पांच दिन तक की गई गहन जांच, वैज्ञानिक साक्ष्यों और ताबड़तोड़ दबिशों के बाद पूरे मामले का अनावरण किया।

पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 की रात सुल्तानपुर (लक्सर) से तीन युवक एक मोटरसाइकिल पर एक युवती को लेकर फुलगढ़ जंगल पहुंचे। जंगल के पास युवती और उसके साथी युवक को छोड़कर तीनों वापस लौट गए। इसी दौरान वहां पहले से शराब पी रहे तीन युवकों ने दोनों को देख अपने तीन अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी छह आरोपी युवती और उसके साथी को जबरन जंगल के भीतर ले गए।

आरोप है कि चार युवकों ने युवक को पकड़कर उसके साथ मारपीट की, जबकि दो आरोपी युवती को जंगल के अंदर ले गए। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी महेश उर्फ मंत्री ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे।

13 जुलाई को पीड़िता के परिजन की शिकायत पर थाना पथरी में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष पथरी को जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

 

पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। आसपास के क्षेत्रों में गहन पूछताछ की गई, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। पुलिस की सख्ती और लगातार हो रही छापेमारी से आरोपी दबाव में आ गए।

 

17 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फुलगढ़ जंगल में दबिश देकर सभी छह आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।

 

गिरफ्तार आरोपियों में मोहित कुमार, सुमित, आशु, शुभम, महेश उर्फ मंत्री और आकाश शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम फुलगढ़, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के निवासी हैं।

 

पुलिस ने मुकदमा संख्या 337/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 137(2), 70(2), 78(2), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3(क), 4(2)(ड)(जी) एवं 6 के तहत कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

 

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी फेरूपुर विपिन कुमार, उपनिरीक्षक बबलू चौहान, महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन, थाना पथरी पुलिस तथा सीआईयू रुड़की की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स