रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार/पथरी। फूलगढ़ नाबालिग दुष्कर्म प्रकरण में हरिद्वार पुलिस ने एक और अहम सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो किशोर शामिल हैं, जिन्हें किशोर न्याय अधिनियम के तहत संरक्षण में लिया गया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में दुष्कर्म और मारपीट की वारदात को अंजाम देने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 की रात फूलगढ़ स्थित जंगल के पास एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म तथा उसके साथ मौजूद लड़के के साथ मारपीट की घटना हुई थी। मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने 18 जुलाई को उन तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया, जिन्होंने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर जंगल तक पहुंचाया था।
गिरफ्तार आरोपियों में तनवीर पुत्र मसकूर, निवासी ग्राम सुल्तानपुर, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार (उम्र 25 वर्ष) शामिल है। इसके अलावा दो नाबालिग आरोपियों को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि एक नाबालिग आरोपी पिछले लगभग एक वर्ष से पीड़िता के संपर्क में था।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन, हेड कांस्टेबल नारायण राणा, कांस्टेबल मुकेश चौहान, दीपक चौधरी, नारायण सिंह और राकेश नेगी शामिल रहे।




