रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार, 25 जुलाई। आगामी कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली ज्वालापुर में क्षेत्राधिकारी (CO) ज्वालापुर संजय चौहान की अध्यक्षता में व्यापार मंडल पदाधिकारियों, सदस्यों और स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक चन्द्रभान सिंह अधिकारी, वरिष्ठ उप निरीक्षक हर्ष अरोड़ा तथा चौकी बाजार प्रभारी देवेंद्र पाल भी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने SPO से कांवड़ मेले के दौरान पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर ड्यूटी करने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा स्थानीय लोगों और शिवभक्तों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सहयोग देने की अपील की।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी हरिद्वार पुलिस को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक में मेले से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए लहसुन और प्याज का उपयोग न करने तथा अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा वाहन चालकों को वाहनों में किराया सूची लगाने, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ रखने, तथा सभी वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में उपस्थित सभी SPO और व्यापार मंडल प्रतिनिधियों ने कांवड़ मेले के सफल संचालन के लिए पुलिस प्रशासन को शत-प्रतिशत सहयोग देने का आश्वासन दिया।




