रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। थाना बहादराबाद पुलिस ने एक ट्रक/कैंटर में क्रूरता पूर्वक भरकर ले जाए जा रहे 26 भैंसों को बरामद कर कटने से बचाया। कार्रवाई के दौरान एक भैंस की मौत हो चुकी थी, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 की रात टोल प्लाजा कर्मी अमन ने सूचना दी कि एक ट्रक/कैंटर में संदिग्ध रूप से जानवर भरे हुए हैं। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी कस्बा बहादराबाद उपनिरीक्षक विकास रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन की तलाशी ली।
वाहन खोलने पर उसमें 26 भैंसों को बिना अनुमति के बेहद क्रूरता पूर्वक ठूंसकर ले जाते हुए पाया गया। तलाशी के दौरान एक भैंस मृत मिली। पुलिस को देखकर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पशुओं के ठेकेदार अशफाक पुत्र मुस्ताक निवासी थीतकी, देवबंद, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को मौके से हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह भैंसों को बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं धारा 325 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामद भैंसों को बहादराबाद निवासी भूरा के सुपुर्द किया गया, जबकि मृत भैंस को नियमानुसार दफनाया गया।
बरामदगी: 26 भैंसें
पुलिस टीम में शामिल:
उ0नि0 विकास रावत, अपर उ0नि0 महेन्द्र सिंह, हे0का0 नरविन्दर सिंह एवं कानि. शाह आलम शामिल रहे।




