रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। NEET (UG)-2026 परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर हरिद्वार पुलिस ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में रविवार 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

परीक्षा में नियुक्त पुलिस बल की ब्रीफिंग पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित बहुउद्देशीय हॉल में एसपी क्राइम निशा यादव (नोडल अधिकारी) की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस दौरान एसपी सिटी एवं एसपी देहात ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ब्रीफिंग में अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात जवानों को चेकिंग के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी अवांछित गतिविधि की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पुलिस कर्मियों को मेटल डिटेक्टर सहित आवश्यक उपकरण समय से प्राप्त कर निर्धारित समय से पूर्व अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचने को कहा गया, ताकि परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।
हरिद्वार जनपद में NEET (UG)-2026 परीक्षा के लिए कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 08 केंद्र देहात क्षेत्र तथा 04 केंद्र नगर क्षेत्र में स्थित हैं। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरे जिले को 05 जोन और 12 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर की निगरानी क्षेत्राधिकारियों द्वारा तथा जोनों का पर्यवेक्षण जोनल प्रभारियों द्वारा किया जाएगा।
पुलिस विभाग ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुरुष एवं महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की है। इसके अलावा संबंधित थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार भ्रमण कर आपराधिक एवं संदिग्ध तत्वों पर निगरानी रखेंगे।

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता और अभ्यर्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




