रिपोर्ट डिवेलप इंडिया न्यूज़
डीएम मयूर दीक्षित के निर्देशन में सिडकुल में हुई अहम बैठक, एआरटीओ निखिल शर्मा ने उद्योगों को दिए सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के निर्देश
हरिद्वार, 27 जुलाई। कांवड़ मेला-2026 के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और औद्योगिक गतिविधियों में समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सिडकुल कार्यालय में उद्योग प्रतिनिधियों और परिवहन विभाग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ मेले के दौरान लागू होने वाले यातायात प्रतिबंधों, डायवर्जन व्यवस्था और सड़क सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक का आयोजन क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) सिडकुल कमल कफ़लतिया द्वारा किया गया। परिवहन विभाग की ओर से सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा मौजूद रहे।
बैठक में उद्योग प्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए कि वे कांवड़ मेले के दौरान लागू यातायात व्यवस्था के अनुरूप अपने उत्पादन, डिस्पैच और लॉजिस्टिक संचालन की पूर्व योजना तैयार करें, ताकि औद्योगिक गतिविधियां भी प्रभावित न हों और श्रद्धालुओं की यात्रा भी सुरक्षित एवं सुचारु बनी रहे।
परिवहन विभाग ने ऑटोमोबाइल उद्योगों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल मानकों के अनुरूप निर्मित और सभी वैधानिक प्रावधानों का पालन करने वाले वाहनों के माध्यम से ही उत्पादों का परिवहन किया जाए। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का पालन सड़क सुरक्षा को मजबूत करेगा और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।
बैठक में उद्योगों से अपने कर्मचारियों के बीच हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा अन्य सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति नियमित जागरूकता अभियान चलाने का भी आग्रह किया गया।
इसके अलावा यह निर्णय लिया गया कि परिवहन विभाग और सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों के संयुक्त सहयोग से समय-समय पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण कार्यशालाएं और जनजागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे।
औद्योगिक क्षेत्र में भारी वाहनों से लगने वाले जाम पर भी विस्तृत चर्चा हुई। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि जो भारी वाहन बार-बार यातायात व्यवस्था बाधित करेंगे या परिवहन नियमों का लगातार उल्लंघन करेंगे, उनके विरुद्ध सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर ऐसे वाहनों को ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा।
बैठक में उद्योग प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कांवड़ मेला-2026 के दौरान सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
बैठक में हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल), हीरो मोटोकॉर्प, पैनासोनिक, हैवेल्स, किर्बी सहित सिडकुल की कई प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने उद्योग और प्रशासन के बीच इस प्रकार के नियमित संवाद को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे समन्वयात्मक कार्यक्रम जारी रखने पर जोर दिया।




