रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार, 27 जुलाई। कांवड़ यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के उद्देश्य से सोमवार शाम सीसीआर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ मेले में नियुक्त सभी सुपर जोनल एवं जोनल अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने अधिकारियों से ग्राउंड जीरो की व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और समय-समय पर व्यवस्थाओं की समीक्षा करते रहने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को स्पष्ट रूप से ब्रीफ किया जाए, ताकि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सके। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ मेले के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे शिवभक्तों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
कैप्शन:
“कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियों की समीक्षा: एसएसपी नवनीत सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश।”




