रिपोर्ट मुजम्मिल खान
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने मंगलवार को कांवड़ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मेला क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थलों का भ्रमण करते हुए कांवड़ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने रूट प्लान, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा सुविधाओं तथा आपातकालीन सेवाओं का मौके पर निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया।
वहीं एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध यात्रा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रभाव से अतिरिक्त कदम भी उठाए जाएंगे।




