रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर यातायात पुलिस हरिद्वार की ओर से सेंट मैरी स्कूल में जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में सीओ बिपेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हरिद्वार एवं रेल चौकी प्रभारी ज्वालापुर सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की।
इस दौरान साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने अनजान लिंक पर क्लिक न करने, साइबर ठगी से सावधान रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित माध्यम से देने की अपील की।
कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से नशे से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि युवा स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति के प्रति जागरूक करें।
अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात, साइबर सतर्कता और नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया।




