रिपोर्ट मुजम्मिल खान
नई सीरीज खुलते ही फैंसी नंबरों के लिए उमड़े वाहन स्वामी, परिवहन विभाग को मिला लाखों रुपये का राजस्व
हरिद्वार, 26 जुलाई।
हरिद्वार में परिवहन विभाग द्वारा नई वाहन पंजीकरण श्रृंखला UK08 BM शुरू होते ही फैंसी (VIP) नंबरों की जबरदस्त मांग देखने को मिली। ऑनलाइन ई-नीलामी में वाहन स्वामियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पसंदीदा नंबरों के लिए लाखों रुपये तक की बोली लगाई। नई श्रृंखला के खुलते ही मिली शानदार प्रतिक्रिया ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आकर्षक वाहन नंबरों का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है।

ई-नीलामी में UK08 BM 0009 सबसे महंगा नंबर साबित हुआ, जिसके लिए ₹5.40 लाख की रिकॉर्ड बोली लगी। इसके अलावा UK08 BM 0001 के लिए ₹4.91 लाख, 0007 के लिए ₹3.88 लाख, 0008 के लिए ₹1.73 लाख, 0002 के लिए ₹1.41 लाख तथा 9000 के लिए ₹91 हजार की बोली प्राप्त हुई। वहीं 0005, 0006, 0004, 1111, 8888, 5555, 0101, 0099, 0077 और 0999 जैसे अन्य लोकप्रिय नंबरों पर भी वाहन मालिकों ने उत्साहपूर्वक बोली लगाई।
फैंसी नंबरों की इस ई-नीलामी से परिवहन विभाग को उल्लेखनीय राजस्व प्राप्त हुआ है। यह न केवल राज्य सरकार की आय में वृद्धि का महत्वपूर्ण माध्यम बना है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि लोग अपनी पसंद और पहचान से जुड़े विशेष पंजीकरण नंबरों के लिए अतिरिक्त राशि खर्च करने को तैयार हैं। ऑनलाइन ई-ऑक्शन प्रणाली के कारण पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और सुविधाजनक रही।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), हरिद्वार श्री निखिल शर्मा ने बताया कि नई श्रृंखला शुरू होते ही नागरिकों में फैंसी नंबरों को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की ऑनलाइन ई-नीलामी व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी है और इच्छुक नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी पसंद का पंजीकरण नंबर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि फैंसी नंबरों से प्राप्त राजस्व राज्य सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण आय स्रोत है और भविष्य में भी ऐसी ई-नीलामी नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेगी।




