रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में कथित तौर पर अवैध रूप से रक्त एकत्र करने वाले गिरोह का लक्सर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने बिना अनुमति गांव-देहात में ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर रक्त एकत्र करने के आरोप में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, ब्लड कलेक्शन उपकरण और दो वाहन बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 अगस्त 2026 को लक्सर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांव-देहात में बिना आवश्यक अनुमति के ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर लोगों से रक्त एकत्र कर रहे हैं। आरोप है कि एकत्रित रक्त को ब्लड बैंक पहुंचाने के बजाय अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचने का प्रयास किया जा रहा था।
सूचना पर चौकी सुल्तानपुर प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी ने कार्रवाई शुरू की और चौकी भिक्कमपुर प्रभारी उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी को भी सूचना दी। पुलिस टीम ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली।
स्विफ्ट कार UK-08-BL-3257 की डिग्गी में रखे आइस बॉक्स से 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग और रक्त संग्रह से संबंधित उपकरण बरामद हुए। वहीं स्कॉर्पियो एन UP-20-CD-8085 से चार डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वेट मशीन, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड तथा हाथ बांधने वाली चार बेल्ट बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिना आवश्यक अनुमति/लाइसेंस के ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान कैंप आयोजित कर लोगों से रक्त एकत्र कर रहे थे। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इस संबंध में कोतवाली लक्सर में मुकदमा अपराध संख्या 829/2026, धारा 18(सी), 27 ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट एवं 316(1) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. अनित सैनी निवासी फतवा, थाना लक्सर, हरिद्वार।
2. शुभम कुमार निवासी माड़ा बेला, थाना खानपुर, हरिद्वार।
3. दुष्यन्त कुमार निवासी सुरेंद्र नगर कॉलोनी, आवास विकास, बिजनौर।
4. कावेन्द्र कुमार निवासी हरतला, थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद।
5. दया सिंह निवासी ईसमपुर ढाणा, थाना गीनौर, सम्भल।
बरामदगी में 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, बीपी एवं एचबी मशीन, ब्लड ग्रुप जांच सामग्री, डोनर फॉर्म बुक, 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड बॉक्स, चार बेल्ट, वेट मशीन, चार डोनर चेयर तथा दो वाहन शामिल हैं।
एसएसपी हरिद्वार ने कहा कि रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, व0उ0नि0 नितिन चौहान, उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी, उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी समेत कांस्टेबल किशोर नेगी, जगत सिंह, राजेन्द्र बिष्ट, अरविन्द चौहान, ध्वजवीर सिंह और दिगम्बर सिंह शामिल रहे।




