रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। उधम सिंह नगर में 17 से 19 अगस्त 2026 तक आयोजित 24वीं प्रादेशिक अंतर्जनपदीय/वाहिनी पुलिस कुश्ती क्लस्टर प्रतियोगिता में हरिद्वार पुलिस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में कई पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद ट्रॉफी लेकर पुलिस कार्यालय हरिद्वार पहुंचे टीम के सदस्यों और कोचिंग स्टाफ से एसएसपी नवनीत सिंह ने मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए अभी से तैयारियां मजबूत करने की सलाह दी। उन्होंने प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन को खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
महिला कुश्ती में कांस्टेबल पूजा भट्ट ने 56 किलोग्राम, कांस्टेबल कविता बुटोला ने 68 किलोग्राम, कांस्टेबल भारती रावत ने 72 किलोग्राम और कांस्टेबल रजनी बिष्ट ने 76 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया।
आर्म रेस्लिंग में पूजा भट्ट और भारती रावत ने अपने-अपने भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कविता बुटोला और रजनी बिष्ट ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं बॉडी बिल्डिंग के 59 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्टेबल पूजा भट्ट ने प्रथम स्थान प्राप्त कर हरिद्वार पुलिस का गौरव बढ़ाया।
पूजा भट्ट ने महिला कुश्ती, आर्म रेस्लिंग और बॉडी बिल्डिंग में अपने भार वर्ग की प्रतिस्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। हरिद्वार पुलिस के खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने खुशी जताते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।




