(रिपोर्ट अशरफ खान )सेवानिवृत्ति समारोह में परिजनों की मौजूदगी में साझा किए यादगार पल, मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने के बाद अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए चार पुलिसकर्मियों के सम्मान में सोमवार, 31 अगस्त 2026 को पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में विदाई समारोह आयोजित किया गया। एसपी ट्रैफिक/क्राइम निशा यादव की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन तथा पुलिस लाइन एवं पुलिस कार्यालय में तैनात अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों से उनके अनुभव साझा किए गए। अधिकारियों ने उनके लंबे सेवाकाल के दौरान किए गए सराहनीय कार्यों और यादगार पलों को याद करते हुए पुलिस विभाग को दी गई सेवाओं की प्रशंसा की। इस दौरान माहौल भावुक हो गया। सेवानिवृत्त साथियों के चेहरों पर जहां विभाग से विदाई का दुख नजर आया, वहीं सकुशल सेवाकाल पूरा करने की खुशी भी साफ दिखाई दी।

समारोह के अंत में सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पुष्पमाला पहनाकर मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किए गए। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाकर उन्हें ससम्मान विदाई दी गई। पुलिस अधिकारियों ने सभी के स्वस्थ, सुखद एवं निरोगी भविष्य की कामना की।

बीमारी के चलते कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके आरक्षी अरविन्द कुमार
सेवानिवृत्त हुए आरक्षी अरविन्द कुमार बीमारी और उपचार के चलते समारोह में शामिल नहीं हो सके। उनके सम्मान में पुलिस लाइन रोशनाबाद से सुबेदार भरत सिंह एवं अन्य पुलिसकर्मी उनके निज आवास पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने उनसे मुलाकात कर मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। साथ ही उन्हें भरोसा दिलाया गया कि किसी भी कठिन परिस्थिति में पुलिस विभाग सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा।

40 वर्ष की सेवा के बाद विदा हुए अपर उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश
जनपद पौड़ी गढ़वाल निवासी सत्यप्रकाश वर्ष 1986 में आरक्षी के पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वर्ष 2011 में मुख्य आरक्षी तथा वर्ष 2022 में अपर उपनिरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए। करीब 40 वर्ष के सेवाकाल में उन्होंने हरिद्वार के अलावा 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद, 46वीं वाहिनी रुद्रपुर और 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार में सेवाएं दीं। अच्छे कार्यों के लिए उन्हें कई बार पुरस्कृत भी किया गया।
पूर्व सैनिक किशोर कुमार ने पुलिस में दी 18 वर्ष की सेवा
पौड़ी गढ़वाल निवासी किशोर कुमार वर्ष 2008 में पूर्व सैनिक कोटे से आरक्षी के पद पर पुलिस विभाग में शामिल हुए। इसी वर्ष हेड कांस्टेबल के पद पर पदोन्नत हुए। भारतीय सेना में सेवा के दौरान उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों के साथ श्रीलंका के जाफना में भी सेवाएं दीं और लिट्टे समर्थित आतंकी गुटों के खिलाफ चलाए गए अभियानों का हिस्सा रहे। पुलिस विभाग में करीब 18 वर्ष की सेवा के दौरान अच्छे कार्यों के लिए उन्हें कई बार सम्मानित किया गया। अपने मिलनसार व्यवहार के चलते साथी कर्मचारी उन्हें प्यार से ‘किशोर काका’ कहकर बुलाते रहे।
हेड कांस्टेबल संगीता ने 29 वर्ष तक निभाई जिम्मेदारी
मूल रूप से मेरठ निवासी संगीता वर्ष 1997 में कांस्टेबल के पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुईं। वर्ष 2022 में उन्हें हेड कांस्टेबल के पद पर पदोन्नति मिली। करीब 29 वर्ष के सेवाकाल के दौरान उन्होंने हरिद्वार के साथ ही बरेली, अल्मोड़ा और ऊधमसिंहनगर में सेवाएं दीं। अपने कार्यों के लिए उन्हें उच्चाधिकारियों द्वारा समय-समय पर पुरस्कृत किया गया।
स्वास्थ्य कारणों के चलते उपचाररत हैं कांस्टेबल अरविन्द कुमार
पौड़ी गढ़वाल निवासी अरविन्द कुमार वर्ष 2012 में एक्स-आर्मी कोटे से कांस्टेबल के पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुए। उन्होंने 14 वर्ष 6 माह 7 दिन की सेवा की। कुछ वर्ष पूर्व उनका स्वास्थ्य खराब होने के बाद से उनका उपचार चल रहा है। बीमारी के कारण वह सेवानिवृत्ति समारोह में उपस्थित नहीं हो सके, जिस पर पुलिसकर्मियों ने उनके आवास पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया।




