रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार, 27 जुलाई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में सोमवार को बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़ी 56 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, अतिक्रमण, विद्यालय प्रबंधन, साइबर अपराध, संपत्ति पर कब्जा, वित्तीय धोखाधड़ी और गंगा घाट संरक्षण जैसे मामलों पर सुनवाई हुई। विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और त्वरित समाधान की मांग की।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्रवाई करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। समीक्षा में सामने आया कि एल-1 स्तर पर 502 और एल-2 स्तर पर 180 शिकायतें लंबित हैं, जिनके शीघ्र समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश जोशी, महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, नोडल स्वजल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।




