रिपोर्ट अशरफ खान
सीसीटीवी निगरानी, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता और एआई आधारित तकनीक के उपयोग पर दिया जोर; हरकी पैड़ी ब्रह्मकुंड में मां गंगा की पूजा-अर्चना कर कांवड़ यात्रा के सफल संचालन की कामना की।

हरिद्वार, 28 जुलाई। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने मंगलवार को हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ मेला कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और अत्याधुनिक सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर से सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, स्वच्छता और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।
राज्यपाल ने कहा कि कांवड़ मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं तथा आवश्यकता के अनुसार संसाधनों और मानवबल की पर्याप्त तैनाती की जाए। उन्होंने पिछले वर्ष के अनुभवों से सीख लेकर इस बार व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने, मशीनयुक्त सफाई व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में समुचित ब्रीफिंग देने पर भी जोर दिया।
राज्यपाल ने कांवड़ मेले के संचालन में आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि एआई आधारित निगरानी, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन जैसी व्यवस्थाएं मेले के सुरक्षित संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
इसके बाद राज्यपाल हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पहुंचे, जहां उन्होंने मां गंगा की पूजा-अर्चना एवं आरती में भाग लेकर कांवड़ यात्रा के सकुशल एवं सफल संचालन के साथ प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर नगर आयुक्त नंदन कुमार, एसपी संचार विपिन कुमार, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर कुंभ मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी, उप जिलाधिकारी योगेश कुमार, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ ट्रैफिक विपेंद्र कुमार सहित मेला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




