रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत सिडकुल पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों, शराब की दुकानों और सड़क किनारे खुले में शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से कुल 51 व्यक्तियों को पकड़कर 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की और 12,750 रुपये संयोजन शुल्क वसूला।
पुलिस के अनुसार सिडकुल क्षेत्र में फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय नशे में धुत कुछ लोगों द्वारा राह चलने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना अध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
टीमों ने सार्वजनिक स्थानों, शराब की दुकानों और सड़क किनारे शराब पी रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 51 व्यक्तियों को पकड़ा। सभी को भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब न पीने और न ही किसी अन्य को शराब पिलाने की सख्त हिदायत दी गई।
सिडकुल पुलिस ने हुड़दंगियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीकर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।




