रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के कुल 17 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, जनपद में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गठित टीम ने ठोस सुरागरसी, पतारसी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सालियर चेक पोस्ट पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी की गई 17 मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की गईं।
जांच में सामने आया कि आरोपी हरिद्वार के विभिन्न थाना क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें शाहपुर रुड़की स्थित जिआउलहक के आम के बाग के पास एक खंडहर में छिपाकर रखते थे। बरामद वाहनों में कोतवाली गंगनहर में दर्ज चार मुकदमों तथा कोतवाली कनखल के एक मुकदमे से संबंधित वाहन भी शामिल हैं। शेष 12 वाहनों की बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन (23 वर्ष) निवासी छापुरशेर अफगानपुर, थाना भगवानपुर, आशु कुमार (24 वर्ष) निवासी हबीबपुर निवादा, थाना कलियर तथा शौकीन (38 वर्ष) निवासी सिकंदरपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं BNSS की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है।
इस कार्रवाई में SHO मनी भूषण श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, उपनिरीक्षक ब्रह्मदत्त बिजलवाण, अपर उपनिरीक्षक मनीष कवि, हेड कांस्टेबल यूनूस बेग, हेड कांस्टेबल दुर्गा प्रसाद, कांस्टेबल राकेश राणा, कांस्टेबल अर्जुन सिंह, कांस्टेबल राहुल तथा सीआईयू हरिद्वार के कांस्टेबल वसीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




