रिपोर्ट अशरफ खान
हरिद्वार। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग, आपसी विवाद और कथित ब्लैकमेल की वजह से आरोपी ने युवती की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गंगनहर में फेंक दिया।

पुलिस के मुताबिक 24 जुलाई 2026 को ग्राम अलीपुर निवासी मोमिन पुत्र हमीद ने अपनी पुत्री शहनुमा की हत्या का आरोप गांव के ही नावेद पुत्र रियासत और उसके परिजनों पर लगाते हुए बहादराबाद कोतवाली में तहरीर दी थी। इस पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था और शव भी बरामद नहीं हुआ था, जिससे मामला पूरी तरह ब्लाइंड बना हुआ था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के आधार पर 27 जुलाई को आरोपी को मंगलौर क्षेत्र के भगवानपुर चंदनपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका शहनुमा से प्रेम संबंध था, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोपी के अनुसार एक पारिवारिक शादी में डीजे पर डांस को लेकर कहासुनी हुई और बाद में दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया। उसने आरोप लगाया कि मृतका उसे विभिन्न मामलों में फंसाने और ब्लैकमेल करने की धमकी देती थी। इसी के चलते उसने हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार आरोपी युवती को कलियर ले गया, जहां दोनों एक होटल में रुके। अगले दिन तड़के वह उसे सुनसान इलाके में ले गया, गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गंगनहर में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
नावेद पुत्र रियासत, निवासी ग्राम अलीपुर, कोतवाली बहादराबाद, जनपद हरिद्वार, उम्र 28 वर्ष।
बरामदगी:
– मृतका का मोबाइल फोन
– मृतका का आधार कार्ड




