( रिपोर्ट अशरफ खान ) हरिद्वार। आपराधिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस ने गुरुवार सुबह जनपद के चयनित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सघन सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने सड़कों और गलियों में पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया तथा आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में 03 सितंबर 2026 को कोतवाली कलियर, कोतवाली नगर हरिद्वार और कोतवाली सिडकुल क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इन क्षेत्रों को संदिग्ध साइबर अपराधों की दृष्टि से चिन्हित किया गया था।

सत्यापन अभियान के दौरान कुल 804 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। सत्यापन न कराने वाले 87 व्यक्तियों के पुलिस एक्ट के तहत चालान किए गए, जबकि 34 व्यक्तियों की काउंसलिंग की गई।
तीन थाना क्षेत्रों में चला अभियान
कोतवाली कलियर:
320 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। सत्यापन न कराने पर 30 व्यक्तियों के पुलिस एक्ट में चालान किए गए, जबकि 13 व्यक्तियों की काउंसलिंग की गई।
कोतवाली नगर हरिद्वार:
323 व्यक्तियों का सत्यापन हुआ। पुलिस एक्ट में 22 चालान किए गए तथा 12 व्यक्तियों की काउंसलिंग की गई।
कोतवाली सिडकुल:
161 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। सत्यापन न कराने पर 35 चालान किए गए और 9 व्यक्तियों की काउंसलिंग की गई।
पुलिस टीमों ने अभियान के दौरान स्थानीय लोगों को साइबर धोखाधड़ी से बचने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी व बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने सहित साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपायों के बारे में भी जागरूक किया।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि आपराधिक एवं संदिग्ध गतिविधियों वाले हॉटस्पॉट क्षेत्रों में इस प्रकार के सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।




