अशरफ खान..हरिद्वार, 06 जून। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद भर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के साथ-साथ व्यापक स्वच्छता अभियान भी तेज गति से संचालित किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि संबंधित क्षेत्रों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना भी है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अतिक्रमण हटाए जाने के बाद संबंधित क्षेत्रों की स्वच्छता एवं रखरखाव की जिम्मेदारी पंचायतों और स्थानीय निकायों की होगी। अभियान के चौथे दिन तक जिले में लगभग 1000 टन कूड़े का निस्तारण किया जा चुका है, जो अभियान की प्रभावशीलता को दर्शाता है।
जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों, उप-जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को प्रतिदिन सफाई कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नोडल अधिकारियों को भी दैनिक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि अभियान की नियमित निगरानी और त्वरित समस्या समाधान किया जा सके।

जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य लगातार जारी हैं। बीएचईएल क्षेत्र में महाप्रबंधक एवं नगर प्रशासक संजय पंवार के नेतृत्व में अभियान संचालित किया जा रहा है, जबकि नगर निगम हरिद्वार क्षेत्र में आयुक्त नंदन कुमार के मार्गदर्शन में सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत सचिव और खंड विकास अधिकारी स्वच्छता कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
स्वच्छता कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी चंद्रकांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के निर्देशन में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि जनपद को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। अभियान की सफलता के लिए जनसहभागिता, विभागीय समन्वय और निरंतर निगरानी को प्राथमिकता दी जा रही है।




