(रिपोर्ट अशरफ खान )हरिद्वार। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर देवभूमि इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने एसएसपी कैंप ऑफिस पहुंचकर कप्तान नवनीत सिंह की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा और उनसे रक्षा का वचन लिया। इस दौरान छात्राओं ने चंदन का टीका लगाकर एसएसपी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।एसएसपी नवनीत सिंह ने भी नन्ही छात्राओं को मिठाई खिलाकर
उनके पढ़ाई और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से उनकी भविष्य की योजनाओं पर बातचीत करते हुए करियर को लेकर अपने अनुभव साझा किए और लक्ष्य हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।
एसएसपी ने छात्राओं को सोशल मीडिया के नियंत्रित एवं जिम्मेदारी से इस्तेमाल की सलाह देते हुए कहा कि सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग पढ़ाई और भविष्य के लक्ष्यों से भटका सकता है। उन्होंने बच्चों को अपनी पढ़ाई और करियर पर अधिक ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद ब्रह्माकुमारी बहनों ने भी एसएसपी नवनीत सिंह से भेंट की और उनकी कलाई पर राखी बांधकर उन्हें रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर रक्षाबंधन के भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संदेश को आत्मीयता के साथ साझा किया गया।




