(रिपोर्ट अशरफ खान
)एक आरोपी गिरफ्तार, आठ गोवंशीय पशु गोकशी से पहले बचाए गए; चार आरोपी फरार
हरिद्वार/कलियर। कलियर क्षेत्र के ग्राम शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला स्थित पॉपुलर के बाग में उत्तराखंड गोवंश संरक्षण स्क्वाड और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 280 किलो गोमांस, गोवंशीय पशु का कटा सिर, खाल, चार खुर और गोकशी के उपकरण बरामद किए।
मौके से पुलिस ने तौकीर पुत्र लतीफ अहमद निवासी शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला को गिरफ्तार किया। इसके अलावा एक जीवित गोवंशीय पशु और गौमांस की तस्करी में इस्तेमाल की जाने वाली दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद तौकीर के चार अन्य साथी गन्ने और पॉपुलर के खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि गोकशी के लिए गोवंशीय पशुओं को तेलीवाला स्थित एक डेयरी से लाया जाता था। इसके बाद संयुक्त टीम ने संबंधित डेयरी का निरीक्षण किया, जहां चार गाय, दो बछिया और एक बैल समेत सात अन्य गोवंशीय पशु भूखे-प्यासे हालत में मिले। पुलिस ने सभी पशुओं को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित कराया।
संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कुल 280 किलो गोमांस बरामद करने के साथ आठ जीवित गोवंशीय पशुओं को गोकशी से पहले बचाया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
तौकीर पुत्र लतीफ अहमद, निवासी शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला, कोतवाली कलियर, जनपद हरिद्वार।




