रिपोर्ट मुजम्मिल खान हरिद्वार
इब्राहिमपुर, 2 अक्टूबर। ब्लॉक बहादराबाद के ग्राम इब्राहिमपुर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) एवं मिशन डेवलपमेंट इंडिया फाउंडेशन के प्रोग्राम ‘युवा टीम विकास की ओर इब्राहिमपुर’ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। समाजसेवी राव इमरान, SMC अध्यक्ष साजिद अली, प्रधानाध्यापक तरुण चौहान तथा मिशन डेवलपमेंट इंडिया फाउंडेशन के प्रोग्राम युवा टीम विकास की ओर इब्राहिमपुर के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति से जुड़े नारे लगाकर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया।

इस अवसर पर विद्यालय के विकास में सहयोग के लिए युवा टीम विकास की ओर के प्रयासों की सराहना की गई। Forace Polymer कंपनी के CSR फंड के माध्यम से विद्यालय में चारदीवारी का निर्माण, कक्षा-कक्षों का सौंदर्यीकरण तथा बालक-बालिकाओं एवं शिक्षकों के लिए पृथक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। इन विकास कार्यों से विद्यालय के शैक्षिक एवं भौतिक वातावरण में सकारात्मक बदलाव आया है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में शिक्षकों की कमी को दूर करने की लंबे समय से की जा रही मांग पूरी होने पर विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त की। मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं शिक्षा विभाग के प्रयासों से स्थानांतरण के माध्यम से विद्यालय में दो नए शिक्षकों सतीश चौहान निवासी रोहालकी किशनपुर एवं अरविंद कुमार निवासी जमालपुर खुर्द की नियुक्ति हुई है। विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाध्यापक तरुण चौहान ने दोनों नव स्थानांतरित शिक्षकों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन अध्यापक दीक्षांत चौहान ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ अध्यापक रवीश कुमार, परवेज अली, श्रीमती नीना जोशी, श्रीमती श्वेता प्रजापति एवं श्रीमती दिव्या चौहान सहित विद्यालय परिवार, SMC सदस्य एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
मिशन डेवलपमेंट इंडिया फाउंडेशन के प्रोग्राम ‘युवा टीम विकास की ओर इब्राहिमपुर’ के संस्थापक बिकम सिंह, मुजम्मिल खान एवं मोहम्मद तालिब भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान युवा टीम विकास की ओर द्वारा विद्यालय के आगामी विकास को लेकर महत्वपूर्ण संकल्प लिया गया। विद्यालय में बच्चों के लिए जल प्याऊ की व्यवस्था कराने तथा डिजिटल विद्यालय की संकल्पना को साकार करने की दिशा में जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से आवश्यक कार्रवाई कराने का प्रयास किया जाएगा।
डिजिटल विद्यालय के तहत स्कूल में कंप्यूटर, डिजिटल कक्षा, स्मार्ट बोर्ड एवं स्मार्ट क्लास, सीसीटीवी कैमरे, डिजिटल हाजिरी, डिजिटल लाइब्रेरी एवं पुस्तकालय जैसी सुविधाएं विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
इसके साथ ही विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में विद्यालय के विकास एवं बच्चों की शैक्षिक प्रगति की नियमित समीक्षा के लिए प्रति माह SMC बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में विद्यालय, अभिभावकों, SMC एवं ग्रामीण समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और समाज के निर्माण का आधार है। विद्यालय के विकास के लिए विद्यालय परिवार, SMC, ग्रामीण समाज एवं मिशन डेवलपमेंट इंडिया फाउंडेशन के प्रोग्राम युवा टीम विकास की ओर का सामूहिक सहयोग आगे भी जारी रहेगा।




