रिपोर्ट अशरफ खान.सिडकुल, हीरद्वार, लक्सर मार्ग और श्यामपुर में चलाया चेकिंग अभियान, बिनाहेलमेट के 77 वाहन चालकों पर कार्रवाई
**हरिद्वार।यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में सिडकुल, सिंहद्वार, लक्सर मार्ग और श्यामपुर सहित कई स्थानों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर 140 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 26 वाहनों को सीज किया गया।
चेकिंग के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों के खिलाफ की गई। ऐसे 77 वाहनों के चालान काटे गए। इसके अलावा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने पर 19, बिना बीमा के 22, वैध परमिट के बिना संचालन पर 10 तथा फिटनेस प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं करने पर 9 वाहनों के चालान किए गए। वहीं, वाहनों में अनधिकृत बदलाव करने के 6 मामलों में भी कार्रवाई की गई।
सिडकुल क्षेत्र में सड़क किनारे अवैध रूप से मालवाहक वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों पर भी विभाग ने शिकंजा कसा। इसके साथ ही कृषि ट्रैक्टरों का व्यावसायिक उपयोग, बकाया कर और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने जैसी अनियमितताओं पर भी कार्रवाई की गई।
अभियान में परिवहन कर अधिकारी हरिश सती, रविन्द्र पाल सैनी एवं परिवहन उपनिरीक्षक नरेश नेगी शामिल रहे। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और जरूरी दस्तावेजों के साथ वाहन चलाएं तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जा सके।




