( रिपोर्ट अशरफ खान ) बहादराबाद। ग्राम पंचायत भगतनपुर आबिदपुर उर्फ इब्राहिमपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम इक्कर खुर्द में गांव की साफ-सफाई एवं विकास कार्यों को लेकर मंगलवार को “युवा टीम विकास की ओर इक्कर खुर्द” के पदाधिकारियों ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि से मुलाकात की।
इस दौरान युवाओं ने गांव में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर करने, मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई कराने तथा विभिन्न विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। युवाओं ने कहा कि गांव के विकास की जिम्मेदारी केवल जनप्रतिनिधियों की नहीं, बल्कि ग्रामीणों और युवाओं की भी है। सामूहिक प्रयासों से गांव को स्वच्छ और बेहतर बनाया जा सकता है।
युवा टीम मिशन डेवलप इंडिया फाउंडेशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता एवं विकास कार्यों को लेकर सक्रिय है। टीम द्वारा युवाओं को गांव की समस्याओं के प्रति जागरूक कर उनके समाधान के लिए मिलकर प्रयास करने पर जोर दिया जा रहा है।
इस अवसर पर युवा टीम के पदाधिकारी तसलीम अली सहित अन्य सदस्य एवं ग्रामीण मौजूद रहे। टीम ने प्रधान प्रतिनिधि से गांव की मूलभूत समस्याओं के समाधान में सकारात्मक सहयोग की उम्मीद जताई।
युवाओं ने स्पष्ट किया कि टीम का उद्देश्य किसी राजनीतिक गतिविधि से जुड़ना नहीं, बल्कि गांव की स्वच्छता, विकास और जनजागरूकता के लिए सकारात्मक भूमिका निभाना है। साथ ही ग्रामीणों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने और गांव के विकास में सहयोग करने की अपील की गई।




