(रिपोर्ट अशरफ खान ) सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतें भी जल्द निपटाने को कहा

हरिद्वार, 14 सितंबर। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 38 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं। इनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड सहित कई समस्याएं सामने आईं।
नवोदय नगर गणेश इंक्लेव गली नंबर-6 के निवासियों ने पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई गई नाली को ऊपर से खुला छोड़ने की शिकायत करते हुए उसे कवर कराने की मांग की। वहीं ज्ञानलोक कॉलोनी गली नंबर-10 के निवासियों ने आरोप लगाया कि बगल में विकसित की गई कॉलोनी से निकलने वाले गंदे पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण पानी उनके घरों के पीछे जमा हो रहा है और घरों में भर जाता है।
कृष्णा नगर रुड़की की गली नंबर-16 के निवासियों ने सड़क और नाली का लेवल अधिक ऊंचा बनाए जाने से जलभराव की आशंका जताते हुए उचित लेवल में निर्माण कराने की मांग की। वहीं मजाहिंदपुर सतीवाला के हरेंद्र सिंह ने नदी का कटाव गांव की ओर बढ़ने की समस्या बताते हुए जल्द तटबंध निर्माण की मांग रखी।
इसके अलावा गंगाजी के खसरा नंबर 443/12 की भूमि से अवैध कब्जा हटाने, बौद्ध विहार के पुनर्निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने, पूर्व सैनिकों के मिलन केंद्र एवं शहीद स्मारक और अचल संपत्ति में नाम दर्ज कराने से संबंधित प्रार्थना पत्र भी प्राप्त हुए।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का शीर्ष प्राथमिकता, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से मौके का निरीक्षण कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।
सीएम हेल्पलाइन की 274 शिकायतें लंबित
बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। समीक्षा में एल-1 स्तर पर 216 और एल-2 स्तर पर 58 शिकायतें, कुल 274 शिकायतें लंबित पाई गईं। अधिकारियों को इन शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।




