थाना पथरी क्षेत्र में अवैध असलहा मामले में जेल से लौटने के बाद थाना परिसर में रील बनाने और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर क्षेत्र में हुड़दंग करने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी राहगीरों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास भी कर रहा था। पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी ने माफी भी मांगी।
पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 को थाना पथरी पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सुकरासा में एक व्यक्ति सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को परेशान कर रहा है। लोगों द्वारा समझाने पर वह मारपीट पर उतारू हो रहा था। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि उक्त व्यक्ति अवैध असलहा मामले में जेल से वापस आने के बाद थाना परिसर की रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर चुका है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार मौके पर एक व्यक्ति राहगीरों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करता हुआ मिला। पुलिस टीम और स्थानीय लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत नहीं हुआ और लगातार गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू रहा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के कृत्य से शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित होने तथा किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए उसे कारण बताते हुए नियमानुसार धारा 135/126/170 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया गया। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए युवक की पहचान विनीत पुत्र ब्रह्मपाल निवासी ग्राम धारीवाला, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक महेन्द्र पुंडीर और अपर उपनिरीक्षक जसवंत बिष्ट शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हुड़दंग और अराजकता फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




