(रिपोर्ट अशरफ खान )हरिद्वार। पत्रकारों के साथ हो रहे कथित उत्पीड़न, अभद्र व्यवहार और अनावश्यक दबाव की घटनाओं को लेकर हरिद्वार ग्रामीण प्रेस क्लब ने चिंता जताई है। पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग को लेकर प्रेस क्लब के अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी एसएसपी हरिद्वार से मिले। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सामने आ रही समस्याओं से एसएसपी को अवगत कराते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

मुलाकात के दौरान प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज की समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं। ऐसे में पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार, उत्पीड़न और अनावश्यक दबाव की घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर काम करने के लिए सुरक्षित वातावरण मिलना आवश्यक है।
पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर सौंपा ज्ञापन
प्रेस क्लब की ओर से एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार और उत्पीड़न की घटनाओं पर गंभीरता से संज्ञान लेने तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकारों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते समय किसी भी प्रकार के अनुचित दबाव या भय का सामना नहीं करना पड़ना चाहिए।
प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे जनता की समस्याओं को सामने लाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का कार्य करते हैं। इसलिए पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
प्रेस क्लब ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन पत्रकारों की सुरक्षा के मामले में गंभीरता दिखाएगा और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करेगा




