रिपोर्ट अशरफ खान तकनीकी साक्ष्य और मैनुअल पुलिसिंग से वाहन चोरी गिरोह का खुलासा, खंडहर में छिपाकर रखी गई थीं बाइकें

हरिद्वार। थाना पथरी पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की कुल 9 स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में से चार के संबंध में पथरी और कनखल थानों में पहले से मुकदमे दर्ज पाए गए हैं, जबकि अन्य वाहनों का सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, बिशनपुर झरड़ा निवासी राजेन्द्र की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UK-17J-4011 15 सितंबर को शाहपुर ठेके के पास से चोरी हो गई थी। मामले में थाना पथरी में मुकदमा दर्ज कर वाहन चोरों की तलाश शुरू की गई।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, सुरागरसी-पतारसी और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए संदिग्धों की तलाश की। इसी क्रम में 20 सितंबर 2026 को रविदास आश्रम, लक्सर रोड के पास पुलिस ने दो संदिग्धों को चोरी की स्प्लेंडर बाइक के साथ हिरासत में लिया।
पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने शंखनाद कॉलोनी, लक्सर रोड के पास एक खंडहर से 8 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस तरह कुल 9 चोरी की बाइक पुलिस के हाथ लगीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय रोबिन पुत्र वरुण सिंह और 19 वर्षीय आदित्य चौहान पुत्र प्रमोद कुमार, दोनों निवासी हर्शीवाला, थाना लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर रही है और बरामद अन्य वाहनों के संबंध में संबंधित थानों से जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पथरी रविन्द्र कुमार, चौकी प्रभारी फेरुपुर उ0नि0 मोहन कठैत, अ0उ0नि0 मुकेश राणा सहित कांस्टेबल दीपक चौधरी, हेमन्त, जयपाल चौहान, अनिल पंवार, सोहन राणा, सुरेश, रविन्द्र बिष्ट, नरेश बहुगुणा और बालक राम शामिल रहे।




