लेटेस्ट न्यूज़
Home » लेटेस्ट न्यूज़ » हरिद्वार में लूट का खुलासा, तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार ज्वेलर्स का पीछा कर शिवलोक कॉलोनी में दिया था लूट की वारदात को अंजाम, चांदी के सिक्के, मूर्ति, एप्पल फोन सहित सामान बरामद

हरिद्वार में लूट का खुलासा, तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार ज्वेलर्स का पीछा कर शिवलोक कॉलोनी में दिया था लूट की वारदात को अंजाम, चांदी के सिक्के, मूर्ति, एप्पल फोन सहित सामान बरामद

Picture of Develop India News

Develop India News

DevelopIndiaNews.com एक स्वतंत्र और विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक सबसे तेज़ पहुँचाना है।

ब्यूरो चीफ मुजम्मिल खान,  हरिद्वार

हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने शिवलोक कॉलोनी में ज्वेलर्स के साथ हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए चांदी के सिक्के, सफेद धातु की मूर्ति, पेंडल, एप्पल मोबाइल फोन, महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैग तथा वारदात में इस्तेमाल कैंची और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

 

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 को शिवलोक कॉलोनी फेज-3 निवासी प्रदीप कुमार शर्मा ने कोतवाली रानीपुर में तहरीर देकर बताया था कि रात के समय तीन बदमाशों ने स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया और शिवलोक कॉलोनी के पास उनका बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण, दुकान की चाबियां, एप्पल आईफोन, बीएचईएल मेडिकल कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य जरूरी दस्तावेज थे।

 

मामले में कोतवाली रानीपुर में मु0अ0सं0 293/2026, धारा 309(6) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

 

डिजिटल साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर कोतवाली रानीपुर पुलिस ने कई टीमें गठित कीं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी एवं अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इस कार्रवाई में सीआईयू हरिद्वार की टीम ने भी सहयोग किया।

 

इसी क्रम में 25 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने मटेरियल गेट, BHEL के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसमें सवार तीन युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान इस प्रकार हुई—

 

– रितिक उर्फ टोपो, उम्र 22 वर्ष, निवासी खंजरपुर, थाना मोदीनगर, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश।

– सौरभ, उम्र 19 वर्ष, निवासी टांडा साहूवाला, थाना बढ़ापुर, बिजनौर, उत्तर प्रदेश।

– राजीव सैनी उर्फ सागर, उम्र 21 वर्ष, निवासी चांदपुर, थाना पथरी, हरिद्वार।

 

कांवड़ मेले में दुकान लगाकर ज्वेलर्स पर रखी थी नजर

 

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान उन्होंने बैरागी कैंप में दुकान लगाई थी। दुकान का सामान लेने के लिए वे कनखल आते-जाते थे। इसी दौरान उन्होंने एक बुजुर्ग ज्वेलर्स को देखा और उसके आने-जाने तथा गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।

 

आरोपियों ने 11 अगस्त को भी ज्वेलर्स का पीछा किया था, लेकिन उस दिन वे वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद 21 अगस्त को तीनों ने ज्वेलर्स का पीछा करते हुए शिवलोक कॉलोनी तक पहुंचे।

 

पुलिस के अनुसार, मौका मिलते ही आरोपियों ने कैंची से बैग का पट्टा काट दिया और बैग लूट लिया। पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ छीना-झपटी की और कैंची से वार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। वारदात के बाद तीनों आरोपी लूटे गए सामान को राजा गार्डन, जगजीतपुर स्थित रितिक उर्फ टोपो के कमरे में ले गए।

 

कमरे से बरामद हुआ लूट का सामान

 

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, जहां से लूट का सामान बरामद हुआ।

 

बरामद सामान में—

 

– 05 सफेद धातु के सिक्के

– 01 सफेद धातु की गाय की मूर्ति

– 01 सफेद धातु का पेंडल

– 01 एप्पल मोबाइल फोन

– प्रदीप कुमार शर्मा के आधार कार्ड की छायाप्रति

– BHEL मेडिकल हेल्थ कार्ड/बुकलेट एवं अन्य दस्तावेज

– 01 नीले रंग का बैग

– वारदात में प्रयुक्त 01 कैंची

– वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल

 

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है। वहीं आपराधिक षड्यंत्र के संबंध में धारा 3(5) BNS भी जोड़ी गई है। मामले में अन्य तथ्यों को लेकर विवेचना जारी है।

 

आरोपी न्यायालय में पेश

 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपियों और बरामद माल को 26 अगस्त 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

 

रितिक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

 

पुलिस के अनुसार आरोपी रितिक उर्फ टोपो के विरुद्ध पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ मु0अ0सं0 08/21 धारा 4/25 शस्त्र अधिनियम तथा मु0अ0सं0 332/25 धारा 109, 191(2), 191(3), 3(5) BNS के मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान मामले में भी उसके खिलाफ धारा 309(6), 317(2), 3(5) BNS के तहत कार्रवाई की गई है।

 

सौरभ और राजीव सैनी उर्फ सागर के विरुद्ध वर्तमान मामले में धारा 309(6), 317(2), 3(5) BNS के तहत कार्रवाई की गई है।

 

पुलिस टीम

 

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर भण्डारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्द किशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक मंदीप सिंह, अपर उपनिरीक्षक सुबोध घड़ियाल, हेड कांस्टेबल जितेंद्र चौधरी, हेड कांस्टेबल बिमल सिंह, कांस्टेबल विवेक गुसाईं, प्रेम सिंह, उदय नेगी तथा चालक कांस्टेबल नीलय यादव शामिल रहे।

 

वहीं सीआईयू टीम में निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट और कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।

 

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लूट की वारदात का खुलासा होने के साथ ही आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन व कैंची भी बरामद कर ली गई है।

Leave a Comment

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स