लेटेस्ट न्यूज़
Home » लेटेस्ट न्यूज़ » हैप्पी हत्याकांड का एक और आरोपी गिरफ्तार, बहादराबाद पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा

हैप्पी हत्याकांड का एक और आरोपी गिरफ्तार, बहादराबाद पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा

Picture of Develop India News

Develop India News

DevelopIndiaNews.com एक स्वतंत्र और विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक सबसे तेज़ पहुँचाना है।

(रिपोर्ट अशरफ खान ) हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में 14 सितंबर को हुए हैप्पी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस और खूनालूदा शर्ट बरामद की है। मामले में एक आरोपी को पुलिस पहले ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

 

जानकारी के अनुसार 14 सितंबर 2026 को पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा, शान्तरशाह के पास 28 वर्षीय हैप्पी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई कपिल की तहरीर पर बहादराबाद कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 326/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे। पुलिस लगातार पतारसी-सुरागरसी और दबिशों के माध्यम से आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

 

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी इस्तकार थाना फतेहपुर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना फतेहपुर, सहारनपुर क्षेत्र में छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक (24) निवासी ग्राम शान्तरशाह को गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मुदस्सिर और शादाब के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते हैप्पी की हत्या करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार आरोपी को शक था कि वर्ष 2022 के एक मामले में हैप्पी ने पुलिस की मुखबिरी की थी। इसी को लेकर दोनों के बीच रंजिश चल रही थी।

 

पूछताछ के अनुसार आरोपियों ने 12 सितंबर को घटनास्थल की रेकी की और 14 सितंबर को हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक खूनालूदा शर्ट बरामद की है।

 

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश लगातार जारी है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स