( रिपोर्ट अशरफ खान ) हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में झबरेड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 19 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से वाहन चोरी करना स्वीकार किया है।

मामला 17 अगस्त 2026 का है, जब ग्राम लाठदेवा शेख, कोतवाली झबरेड़ा क्षेत्र से आस मोहम्मद की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस संबंध में कोतवाली झबरेड़ा में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर संभावित रास्तों तक लगे करीब 500 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल संदिग्धों का सत्यापन किया गया। जांच में पता चला कि आरोपी पुलिस से बचने और अपनी पहचान छिपाने के लिए बार-बार मास्क, कपड़े और हेयर स्टाइल बदलते थे।
लगातार निगरानी और तकनीकी व मैनुअल इनपुट के आधार पर पुलिस ने 6 सितंबर 2026 को फाजिलपुर चौराहे के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से 18 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस तरह कुल 19 बाइक पुलिस के हाथ लगीं।
उत्तराखंड और यूपी के कई क्षेत्रों से चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने बरामद मोटरसाइकिलों में से कई को कोतवाली झबरेड़ा से 2, कोतवाली नगर हरिद्वार से 1, कोतवाली रुड़की से 1 और थाना सदर बाजार सहारनपुर से 1 बाइक चोरी करना स्वीकार किया है। बरामद अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस संबंधित जनपदों और थाना क्षेत्रों से जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. अरमान पुत्र मुज्जमिल, निवासी तेलीवाला, कोतवाली गंगनहर, हरिद्वार।
2. मोनू पुत्र महेंद्र, निवासी बरशेर सिकंदरपुर, थाना सिरौली, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी शक्ति विहार, रेलवे स्टेशन के पास, कोतवाली गंगनहर, हरिद्वार।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ वाहन चोरी समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी अरमान के खिलाफ झबरेड़ा, गंगनहर, नगर हरिद्वार, सहारनपुर और रुड़की में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं, जबकि आरोपी मोनू के खिलाफ भी झबरेड़ा, नगर हरिद्वार, सहारनपुर और रुड़की में वाहन चोरी के मुकदमे सामने आए हैं।
पुलिस ने बरामद 19 मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर उनके वास्तविक स्वामियों और अन्य मामलों से संबंध की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ और जांच आगे बढ़ने पर वाहन चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।
पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतेन्द्र भण्डारी, उपनिरीक्षक नीरज रावत, अपर उपनिरीक्षक गिरीश सिंह, हेड कांस्टेबल रामवीर, हेड कांस्टेबल गजपाल, हेड कांस्टेबल मोहन खोलिया और कांस्टेबल मनीष चौहान शामिल रहे।




