Home » लेटेस्ट न्यूज़ » कुंभ-2027 की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, आतंकवाद से लेकर साइबर अपराध तक पर रहेगी पैनी नजर

कुंभ-2027 की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, आतंकवाद से लेकर साइबर अपराध तक पर रहेगी पैनी नजर

Picture of Develop India News

Develop India News

DevelopIndiaNews.com एक स्वतंत्र और विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य देश और दुनिया की ताज़ा, सटीक और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक सबसे तेज़ पहुँचाना है।

 

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कुंभ मेले में देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और संभावित सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति तैयार की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में मेला नियंत्रण भवन सभागार हरिद्वार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की संयुक्त अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेसन और अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान ने की। बैठक में कुंभ मेले की सुरक्षा व्यवस्था, आतंकवाद निरोधक उपायों, संगठित अपराध, साइबर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आधुनिक तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से तैयारियों और प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला योगेंद्र सिंह रावत और मेलाधिकारी सोनिका सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने सुझाव एवं कार्ययोजनाएं प्रस्तुत कीं।

 

आतंकवाद और साइबर खतरों से निपटने के लिए विशेष रणनीति

 

कुंभ मेले के दौरान संभावित आतंकी गतिविधियों, संगठित अपराध और अन्य सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए एटीएस, एसटीएफ, बीडीएस तथा अभिसूचना इकाइयों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। संवेदनशील स्थलों की निगरानी, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

इसके साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं और ऑनलाइन धोखाधड़ी रोकने के लिए साइबर सुरक्षा तंत्र को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

 

सीसीटीवी, ड्रोन और एंटी ड्रोन सिस्टम से होगी निगरानी

 

कुंभ मेला-2027 में आधुनिक तकनीक का व्यापक इस्तेमाल किया जाएगा। मेला क्षेत्र में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC), सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन और एंटी ड्रोन प्रणाली स्थापित कर निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाया जाएगा। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल और आधुनिक संचार प्रणाली को भी समयबद्ध तरीके से क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए।

 

भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस

 

प्रमुख स्नान पर्वों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पैदल यात्रियों के डायवर्जन, होल्डिंग एरिया, पार्किंग स्थलों और आपातकालीन निकासी की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। भीड़ के दबाव से प्रभावित होने वाले संकरे मार्गों और बॉटलनेक प्वाइंट्स को चिह्नित कर उनके प्रभावी प्रबंधन पर जोर दिया गया।

 

रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, ट्रेनों के नियमन और आपातकालीन व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा मेला क्षेत्र में अग्निशमन केंद्रों, फायर सेफ्टी उपकरणों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

पुलिसकर्मियों की तैनाती और सुविधाओं की होगी व्यवस्था

 

कुंभ मेले में सीएपीएफ, होमगार्ड, जल पुलिस, घुड़सवार पुलिस, यातायात पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की आवश्यकता का आकलन किया जा रहा है। दूसरे राज्यों से आने वाले पुलिस बल के लिए आवास, भोजन, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

 

निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों, पुलिस लाइनों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ ही पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण, वाहनों एवं आधुनिक उपकरणों की खरीद और बजट आवंटन से संबंधित कार्य समयसीमा में पूरे करने पर भी जोर दिया गया।

 

वरिष्ठ अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

 

समीक्षा बैठक के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर और एडीजी प्रशासन ने पुलिस लाइन ऋषिकुल का संयुक्त निरीक्षण किया। वहीं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रमुख घाटों, हरकी पैड़ी, अस्थायी पुलों, संकरे मार्गों, पुलिस थानों एवं चौकियों, हाईवे पार्किंग, होल्डिंग एरिया और रेलवे स्टेशनों का जायजा लिया।

 

पुलिस दूरसंचार एवं अग्निशमन से संबंधित व्यवस्थाओं, सब कंट्रोल रूम, फायर स्टेशनों और निर्माणाधीन भवनों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक विम्मी सचदेवा, कृष्ण कुमार वी.के., नीलेश आनंद भरणे, अनंत शंकर ताकवाले, राजीव स्वरूप, सुनील मीणा, योगेंद्र सिंह रावत, बरिंदरजीत सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य कुंभ मेला-2027 की सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों का समय रहते आकलन करना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित धार्मिक आयोजन का अनुभव मिल सके।

 

ब्यूरो चीफ मुजम्मिल खान

तिरछी नजर न्यूज़, हरिद्वार।

Leave a Comment

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स