हरिद्वार। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सिडकुल एवं बीएचईएल क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने स्कूली बसों एवं बच्चों को लाने–ले जाने वाले वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान कुल 35 वाहनों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 15 वाहनों के चालान किए गए, जबकि वैध फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं होने पर दो बसों को सीज कर दिया गया।

इस संयुक्त अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा एवं परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी मौजूद रहे।
टीम ने स्कूली वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की जांच की। जांच के दौरान दो बसों में वैध फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं पाए जाने पर उन्हें सीज करने की कार्रवाई की गई। हालांकि, बसों में सवार बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें अन्य बसों में सुरक्षित स्थानांतरित कर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों एवं स्कूल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बच्चों के परिवहन में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज वैध रखे जाएं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी




